
हाथरस, 26 जुलाई। जनपद के नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं एक ही स्थान पर सुलभ कराने के उद्देश्य से भारतीय डाक विभाग, अलीगढ़ मंडल द्वारा 27 से 29 जुलाई तक विकास भवन परिसर में विशेष आधार नामांकन एवं अपडेट शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी मुख्य विकास अधिकारी ने देते हुए अधिक से अधिक लोगों से शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि तीन दिवसीय इस विशेष शिविर में आधार कार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में नए आधार नामांकन के साथ-साथ आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल, बायोमेट्रिक सहित अन्य आवश्यक संशोधन एवं अद्यतन का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने जनपद के नागरिकों से आग्रह किया कि जिन लोगों को आधार कार्ड बनवाना है अथवा उसमें किसी प्रकार का संशोधन या अपडेट कराना है, वे 27 से 29 जुलाई के बीच विकास भवन परिसर पहुंचकर इस विशेष शिविर का लाभ अवश्य उठाएं। इससे लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिलेगी और सभी सेवाएं एक ही स्थान पर आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101






