
हाथरस 26 अक्टूबर। भारत विकास परिषद ब्रज उत्तर प्रांत की प्रांतीय समूह गान प्रतियोगिता में हाथरस की संस्कार शाखा की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हिंदी, संस्कृत और लोकगीत तीनों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। अलीगढ़ में आयोजित इस प्रतियोगिता में दून पब्लिक स्कूल की टीम ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर हाथरस का नाम रोशन किया। इस शानदार सफलता के साथ टीम ने क्षेत्रीय प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। प्रतियोगिता में दून पब्लिक स्कूल की टीम प्रभारी भावना शर्मा के नेतृत्व में 12 प्रतिभागियों ने तीनों वर्गों में बेहतरीन सामूहिक प्रस्तुति दी। टीम के सदस्यों के शानदार तालमेल और प्रभावशाली गायन ने निर्णायकों को प्रभावित किया। तीनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल करना टीम की मेहनत और सामूहिक प्रयास का परिणाम रहा।
अब हाथरस की विजेता टीम 15 नवंबर को मुरादाबाद में आयोजित होने वाली क्षेत्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी। इस प्रतियोगिता में आठ प्रांतों की टीमें हिस्सा लेंगी। ऐसे में हाथरस की टीम के सामने अपनी सफलता को आगे बढ़ाने और बेहतर प्रदर्शन करने का अवसर होगा। इस अवसर पर भारत विकास परिषद ब्रज उत्तर प्रांत के संगठन सचिव मनोज अग्रवाल राय वाले और संस्कार शाखा के अध्यक्ष कमलेश जैन लाल वाले उपस्थित रहे। विजेता टीम का जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया गया। उपस्थित पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में समूह गान प्रभारी राकेश वार्ष्णेय, संस्कार प्रमुख प्रवीण वर्मा, शाखा सचिव अंकुल जैन, महिला सहभागिता प्रमुख सीमा वार्ष्णेय और कोषाध्यक्ष अंकित वार्ष्णेय ने भी विजेता टीम का अभिनंदन किया। टीम की इस उपलब्धि से शाखा के सदस्यों और विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।










