
हाथरस 26 अक्टूबर। कूमरपुर गांव में गोपाल चौधरी हत्याकांड को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। गोपाल की मौत के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित वीडियो के सामने आने से मामले में नए सवाल उठने लगे हैं। सोमवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर गिरफ्तार तीनों आरोपियों को फांसी देने की मांग की। साथ ही वीडियो में जिन दो अन्य व्यक्तियों का जिक्र होने की बात कही जा रही है, उनकी भूमिका की भी निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग उठाई। वीओ— मामला हाथरस के कूमरपुर गांव का है, जहां गोपाल चौधरी की 15 अक्टूबर को गला काटकर हत्या किए जाने का आरोप है। इस मामले में पुलिस ने गोपाल की पत्नी काजल, उसके कथित प्रेमी योगेंद्र चौधरी और गोपाल की बड़ी बेटी शालिनी को गिरफ्तार किया है।
गोपाल की मौत के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जो कथित तौर पर उसकी मौत से तीन दिन पहले का बताया जा रहा है। वीडियो में गोपाल गंभीर रूप से घायल अवस्था में दिखाई देता है। वह योगेंद्र पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाता नजर आता है। इसके अलावा वीडियो में दो अन्य व्यक्तियों का भी जिक्र होने की बात सामने आई है। हालांकि, वीडियो में किए गए दावों और उसमें बताए गए व्यक्तियों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। वीडियो सामने आने के बाद सोमवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने हत्याकांड में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को फांसी की सजा देने की मांग की। साथ ही उन्होंने वीडियो में जिन दो अन्य व्यक्तियों का जिक्र किया गया है, उनकी भूमिका की जांच कर पूरे मामले का निष्पक्ष खुलासा करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों की कथित अनदेखी पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद सत्ता पक्ष और विपक्ष का कोई जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार का हाल जानने गांव नहीं पहुंचा। इसको लेकर ग्रामीणों में रोष देखने को मिला। अब बड़ा सवाल यह है कि वायरल वीडियो में किए गए दावों की जांच में क्या सामने आएगा और जिन दो अन्य व्यक्तियों का जिक्र किया गया है, उनकी भूमिका क्या है? फिलहाल परिजन और ग्रामीण निष्पक्ष जांच, मामले के सभी तथ्यों का खुलासा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं।










