सिकन्दराराऊ 27 अक्टूबर। थाना क्षेत्र के गांव बिलार के निकट बीती रात धान बेचने अलीगढ़ जा रहे किसानों के ट्रैक्टर में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 20 मीटर नीचे खेत में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, हसायन थाना क्षेत्र के गांव सेगला से पांच लोग ट्रैक्टर पर धान लादकर अलीगढ़ बेचने जा रहे थे। रात करीब 11:30 बजे उनका ट्रैक्टर सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र के गांव बिलार के निकट पहुंचा, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उसमें टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर बेकाबू होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। हादसे के दौरान ट्रैक्टर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में ट्रैक्टर चालक रिंकू, उनके साथी विजय और सूरजपाल समेत अन्य लोग घायल हो गए। इनमें तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं, सड़क पर बिखरे धान को हटवाकर यातायात सुचारु कराया गया। थाना प्रभारी शिव कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस ने हाइड्रा की मदद से खेत में गिरे ट्रैक्टर को बाहर निकलवाया और ट्रक समेत दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।








