सिकन्दराराऊ 29 अक्टूबर। नगर के मोहल्ला रोशनगंज में गुरुवार शाम रास्ते से कूड़े की धकेल हटाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर जा रहे युवकों ने नगर पालिका के एक सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके से दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि अन्य युवक फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, नगर पालिका के सफाई कर्मचारी रोशनगंज में सफाई कार्य कर रहे थे। इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार करीब चार से छह युवक मोहल्ला नौखेल की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक सफाई कर्मचारी कूड़े की धकेल में कूड़ा भर रहा था। आरोप है कि मोटरसाइकिल सवार युवकों ने रुककर धकेल हटाने और होश में रहकर काम करने को कहा। इस पर सफाई कर्मचारी ने उन्हें तमीज से बात करने के लिए कहा, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर युवकों ने सफाई कर्मचारी के साथ मारपीट कर दी। शोर सुनकर अन्य सफाई कर्मचारी और घायल के परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बीच-बचाव करते हुए मारपीट में शामिल दो युवकों को पकड़ लिया, जबकि अन्य युवक वहां से भाग निकले। मारपीट में दोनों पक्षों के कुछ युवकों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी शिव कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति संभालते हुए शांति व्यवस्था कायम कराई और पकड़े गए दोनों युवकों को कोतवाली ले गई। घटनास्थल पर छूटी एक मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया। घायल सफाई कर्मचारी, जो कृष्णा टॉकीज रोड का निवासी बताया जा रहा है, को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया। बताया जा रहा है कि मारपीट में शामिल युवक नगला बरी, हसायन और सिकंदराराऊ के मोहल्ला नौखेल के रहने वाले हैं। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।










