सिकन्दराराऊ 19 सितम्बर। नगला ब्राह्मण स्थित पीके इंटर कॉलेज में राधा अष्टमी के पावन अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती रंजना कुमार ने राधारानी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आकर्षक झांकियों और मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से राधारानी का गुणगान किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और कार्यक्रम स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने राधा अष्टमी के महत्व को भी दर्शाया। इस अवसर पर विद्यालय में समय-समय पर आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजेता रहे विद्यार्थियों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को डायरेक्टर श्रीमती रंजना कुमार द्वारा शील्ड, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रशांत शर्मा सहित उमेश शर्मा, पदम सिंह, प्रदीप कुमार, मनमोहन सिंह, अजीत यादव, कमलकांत, चाहत, गिरजेश शर्मा, दुमैती कुमारी, अर्शिता सक्सेना, प्राची यादव सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता एवं रुचि बढ़ाना रहा।











