
सिकन्दराराऊ 09 नवंबर। क्षेत्र के ग्राम नगला जलाल में सोमवार को युवाओं की खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें बेहतर मंच प्रदान करने के उद्देश्य से भव्य एथलेटिक्स महाप्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह सोलंकी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख बंटी यादव, एडवोकेट गिनेश यादव, रामकिशन बबलू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रतियोगिता में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे युवा खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस दौरान अलग-अलग दूरी की दौड़, लंबी कूद, हाई जंप और फ्रॉग जंप सहित विभिन्न एथलेटिक्स प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। खिलाड़ियों ने अपनी शारीरिक क्षमता, प्रतिभा और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। वहीं प्रतियोगिता को देखने के लिए ग्रामीणों की भी भारी भीड़ उमड़ी और दर्शकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजक एवं बीएसएफ में कार्यरत कांस्टेबल कैलाश यादव निवासी नगला जलाल ने बताया कि उन्हें बचपन से ही खेलकूद में विशेष रुचि रही है। वह स्वयं 100 मीटर दौड़ में प्रतिभाग कर चुके हैं और खेलों के प्रति उनका विशेष जुनून रहा है। नौकरी में चयन के बाद समय की कमी के चलते वह खेल को आगे जारी नहीं रख सके। इसी अनुभव से प्रेरित होकर उन्होंने क्षेत्र के युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने के उद्देश्य से इस महाप्रतियोगिता की शुरुआत की है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लड़के-लड़कियों और छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए उचित मंच और अवसर मिलना चाहिए। उनका उद्देश्य युवाओं को खेल एवं शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए संदेश देना है कि खेलो, पढ़ो और आगे बढ़ो। आयोजन में सब इंस्पेक्टर अभय सिंह यादव का भी विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों के साथ बालिका खिलाड़ियों को भी पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन कर ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।










