
सिकन्दराराऊ (हसायन) 09 नवंबर। हाथरस जनपद के थाना हसायन कोतवाली क्षेत्र के गाँव कटाई में एक परिवार में दिपावली की खुशियाँ मातम में बदल गई।घर की सफाई के दौरान करंट लगने से दर्दनाक हादसा हो गया। लोहे की सरिया लेकर छत पर जा रहे 25 वर्षीय युवक की सरिया घर के पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गई। तेज करंट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।मृतक की पहचान गुड्डू के रूप में हुई है। वह पानीपत में बर्तन बेचने और कबाड़ खरीदने का काम करता था। दीपोत्सव के लिए वह अपने गांव आया हुआ था और पिता राजकुमार के साथ घर की सफाई कर रहा था। राजकुमार गांव में मजदूरी करते हैं। बताया गया कि सफाई के दौरान गुड्डू लोहे की सरिया लेकर छत पर जा रहा था। इसी दौरान सरिया घर के नजदीक से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गई। सरिया के जरिए करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने बिजली उपकेंद्र पुरदिलनगर में तैनात जूनियर इंजीनियर को सूचना दी। गुड्डू के पिता राजकुमार ने कोतवाली पहुंचकर प्रभारी मनीष चिकारा को भी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही, लेकिन परिजनों ने इससे इनकार कर दिया। रविवार को बिना पोस्टमार्टम कराए गुड्डू का अंतिम संस्कार कर दिया गया। गुड्डू छह भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। परिवार में उसके तीन भाई और तीन बहनें हैं। उसकी शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उसकी एक साल की बेटी है।गुड्डू की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया। गांव में दीपोत्सव की तैयारियां भी फीकी पड़ गईं। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मामले की जांच कराने और घरों के पास से गुजर रही हाईटेंशन लाइनों की सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।










