हाथरस 12 सितम्बर। जिला हाथरस टेंट, लाइट, कैटरिंग एवं फूल व्यापारी एसोसिएशन के बैनर तले मुरसान गेट स्थित पुष्पांजलि गेस्ट हाउस में स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में हाथरस के प्रसिद्ध श्री दाऊजी महाराज के मेले में आयोजित होने वाले विभिन्न विशाल कार्यक्रमों के संयोजकों का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। स्वागत समारोह के मुख्य अतिथि संगठन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं जिलाध्यक्ष पंडित हरिमोहन शर्मा ‘गुरुजी’ रहे। उन्होंने मेले में आयोजित होने वाले विशाल व्यापारी सम्मेलन के संयोजक सुरेश चंद्र अग्रवाल, विशाल पर्यावरण सम्मेलन के संयोजक भक्तोष मिश्रा, विशाल धार्मिक सम्मेलन के संयोजक पंडित गणेश चंद्र वशिष्ठ ‘मेंडू वाले’ एवं सह-संयोजक पंडित मनोज दुबे का अंगवस्त्र पहनाकर, माला अर्पित कर तथा भगवान दाऊजी महाराज की तस्वीर भेंट कर भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर समारोह की अध्यक्षता संगठन के वरिष्ठ नेता हाजी साबिर अली ने की, जबकि मंच का संचालन गंगासरण सैनी फूल वाले द्वारा किया गया। जलपान की व्यवस्था संगठन के वरिष्ठतम पदाधिकारी श्री बृजमोहन शर्मा ‘मुरसान वाले’ ने संभाली। कार्यक्रम के दौरान संगठन से जुड़े पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने सभी संयोजकों को आगामी कार्यक्रमों के लिए शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज का मेला हाथरस की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मेले में आयोजित होने वाले विभिन्न सम्मेलन सामाजिक, धार्मिक, पर्यावरणीय एवं व्यापारिक गतिविधियों को नई दिशा देने का कार्य करते हैं। स्वागत समारोह में वरिष्ठ नेता बालकिशन शर्मा ‘बालू गुरु’, आशु सैनी, केके सिंह, किशन सहाय शर्मा, आरके सिंह, लालाराम सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, व्यापारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे। समारोह में सभी ने आपसी भाईचारे के साथ मेले को भव्य एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।









