
हाथरस 12 सितम्बर। 17 सितंबर 2026 को बल्देव छठ से प्रारंभ होने वाले ब्रज क्षेत्र के प्रसिद्ध एवं जनआस्था के प्रतीक श्री दाऊजी महाराज राजकीय मेले को सकुशल, सुव्यवस्थित एवं भव्य रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विकास भवन सभागार में मेले के विभिन्न कार्यक्रमों के लिए तैनात किए गए समन्वयक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता, जिम्मेदारी और आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं, दर्शकों एवं आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने विगत वर्षों में मेले के दौरान सामने आई समस्याओं तथा विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन में उत्पन्न हुई कठिनाइयों की जानकारी अधिकारियों से ली और निर्देश दिए कि पूर्व की कमियों को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष उनका प्रभावी निराकरण पहले से सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कार्यक्रमों के लिए नामित समन्वयकों को संबंधित आयोजकों से लगातार संपर्क बनाए रखने तथा कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा, कलाकारों एवं अतिथियों के आगमन और संभावित दर्शकों की संख्या की जानकारी पहले से प्राप्त करने के निर्देश दिए। इससे सुरक्षा, मंच, पार्किंग, यातायात, विद्युत, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी की जा सकेंगी। जिलाधिकारी ने कार्यक्रमों के दौरान समय प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यक्रम निर्धारित समय पर शुरू और निर्धारित समय पर समाप्त हो, ताकि मंच समय से खाली हो सके और अगले कार्यक्रम का आयोजन भी निर्धारित समय पर सुचारु रूप से कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को मेला प्रांगण एवं मेला पंडाल के साथ पार्किंग, प्रवेश और निकास मार्ग, बैरिकेडिंग तथा श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ड्यूटी के दौरान अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करें, जिससे मेला क्षेत्र में यातायात बाधित न हो। किसी अधिकारी को ड्यूटी के दौरान किसी प्रकार की समस्या या अव्यवस्था दिखाई दे तो उसका तत्काल संज्ञान लेते हुए मौके पर समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि श्री दाऊजी महाराज मेला जनपद की आस्था, परंपरा और गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसे सफलतापूर्वक संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक श्रद्धालु एवं दर्शक को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात रहेगा। किसी व्यक्ति को किसी प्रकार की समस्या होने पर उसकी सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी जाए, ताकि उसका शीघ्र समाधान कराया जा सके। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के साथ कानून एवं शांति व्यवस्था को सुदृढ़ रखना प्राथमिकता बताया। बड़े कार्यक्रमों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न होने देने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों ने मेले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों और मेले को भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी दी। जनसामान्य की सुविधा के लिए प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग, सुरक्षा एवं चिकित्सा व्यवस्था तथा विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाए जाने वाले शिविरों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी साझा की गई। बैठक में जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर सहित समस्त संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नामित समन्वयक मौजूद रहे।








