सादाबाद (सहपऊ) 03 सितम्बर। कोतवाली क्षेत्र के गांव पीहुरा में एक विवाहिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। गांव पीहुरा निवासी जयन्ती प्रसाद के पुत्र जंगजीत की शादी जुलाई 2025 में फिरोजाबाद के बघेल कॉलोनी निवासी रुबी, पुत्री शिवचरन, के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार 27 अगस्त को रुबी ने एक पुत्र को जन्म दिया था। नवजात का वजन कम होने के कारण उसे पहले सादाबाद सीएचसी से हाथरस और बाद में आगरा रेफर किया गया था। उपचार के दौरान 31 अगस्त को आगरा में नवजात की मौत हो गई थी।
जंगजीत के बड़े भाई रंजीत ने बताया कि बुधवार को रुबी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए आगरा के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। साथ ही मायके पक्ष के लोगों को भी उसकी तबीयत खराब होने की सूचना दी गई, जिसके बाद वे भी अस्पताल पहुंच गए। रंजीत के अनुसार, बृहस्पतिवार दोपहर करीब दो बजे उपचार के दौरान रुबी की मौत हो गई। वहीं मृतका के भाई विजय ने अपनी बहन की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ जेएन अस्थाना ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विवाहिता की मौत बीमारी के कारण हुई है अथवा कोई अन्य वजह रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।












