
सासनी 03 सितम्बर। आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर बरसे गांव के निकट पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध कंटेनर को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कंटेनर से भारी मात्रा में मृत पशुओं के सींग बरामद हुए। पुलिस को देखते ही कंटेनर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि हाईवे से एक संदिग्ध कंटेनर गुजर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने बरसे गांव के पास घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया। पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली तो उसमें बड़ी मात्रा में पशुओं के सींग भरे मिले। पुलिस ने वाहन में रखे दस्तावेजों और बिल्टी की जांच की तो पता चला कि कंटेनर में लदे माल की बिल्टी महाराष्ट्र के नासिक से उत्तर प्रदेश के संभल जिले के लिए काटी गई थी। इसके बाद पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया। चालक पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। साथ ही बरामद पशुओं के सींगों के संबंध में दस्तावेजों और माल की वैधता की जांच की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।













