
हाथरस 19 अक्टूबर । अलीगढ रोड स्थित गांव रघनिया के माजरा नगला सुखा में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घरेलू कलह से क्षुब्ध होकर एक युवक शराब के नशे में करीब 30 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर बैठा देखकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। जानकारी के अनुसार, नगला सुखा निवासी दिनेश का घर में किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बताया गया कि दिनेश विवाहित है, जबकि उसके छोटे भाई की शादी नहीं हुई है। पारिवारिक कहासुनी से परेशान होकर दिनेश ने शराब पी ली और गांव के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन के टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देखकर ग्रामीणों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह उनकी बात मानने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सासनी पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जानकारी मिलते ही दोनों टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने टावर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चले घटनाक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों ने युवक से नीचे उतरने की अपील की। गनीमत रही कि कुछ समय बाद नशा कम होने पर युवक स्वयं सुरक्षित नीचे उतर आया। उसके सकुशल नीचे आने पर परिवार के लोगों, ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस तरह एक संभावित हादसा टल गया। सासनी के प्रभारी निरीक्षक विपिन चौधरी ने बताया कि युवक का घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ था और उसने शराब पी रखी थी। समझाने के बाद वह खुद ही टावर से नीचे उतर आया।







