Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 30 सितम्बर। सेवा, समर्पण और समाज के सर्वांगीण विकास के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत एक स्कूल में ब्लॉक स्तरीय परिषदीय एवं माध्यमिक विद्यालयों की विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विधायक अंजुला सिंह माहौर, जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल, पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, मुख्य विकास अधिकारी प्रदीप नारायण दीक्षित, उप जिलाधिकारी राज बहादुर, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अनुज चौधरी, भाजपा मीडिया प्रभारी श्रीमती स्मृति पाठक एवं जिला उपाध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा सौरभ शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिता का अवलोकन कर प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में चित्रकला, रंगोली, सामान्य ज्ञान एवं प्रश्नोत्तरी तथा भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी रचनात्मकता, ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चित्रकला प्रतियोगिता में पलक ने प्रथम, मोहित ने द्वितीय और सोनिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में भूमि शर्मा प्रथम, सुमन द्वितीय और इकरा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में इकरा ने प्रथम, संध्या ने द्वितीय और काजल ने तृतीय स्थान हासिल किया। रंगोली प्रतियोगिता में लॉर्ड कृष्णा पब्लिक स्कूल एवं जवाहर स्मारक मीतई संयुक्त रूप से प्रथम रहे, जबकि कस्तूरबा गांधी टुकसन एवं दून पब्लिक स्कूल ने द्वितीय और आंगनवाड़ी मुरसान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि सेवा संकल्प केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और समर्पण की भावना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा को प्रोत्साहन देकर ऐसे समाज का निर्माण किया जा सकता है, जहां प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने का अवसर मिले। बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करना भी समाजसेवा का महत्वपूर्ण स्वरूप है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा को पहचानने और निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि सेवा संकल्प का मूल उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और जनकल्याण की भावना को पहुंचाना है। विद्यालय बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला होते हैं। इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, ज्ञान और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा के साथ सेवा और जनहित को प्राथमिकता देने का संकल्प लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतिभा को अवसर, शिक्षा को संस्कार और सेवा को संकल्प बनाकर ही विकसित समाज की मजबूत नींव रखी जा सकती है। आयोजन में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और विभिन्न प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रन सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी मुरसान गिरिराज सिंह, नोडल अधिकारी साधना बघेल, प्रधानाचार्य अरुण शर्मा, डॉ. चंद्र मोहन राणा, जितेंद्र कौशल, अमित शर्मा, मणिभूषण शर्मा, नीरज कुमार, शशि भूषण, राजपाल सिंह सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रतिभागी विद्यालयों की शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page