Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 18 जुलाई। शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने एवं सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से निस्वार्थ सेवा संस्थान (पंजीकृत), हाथरस ने अपनी “स्मार्ट क्लास पहल” के अंतर्गत संविलियन विद्यालय, चंदपा को एक एलईडी टीवी भेंट किया। संस्थान का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के बच्चों को भी आधुनिक शिक्षण संसाधनों से जोड़ना है, ताकि वे डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिवार एवं संस्थान के पदाधिकारियों ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इसके उपरांत विद्यालय को एलईडी टीवी भेंट किया गया। विद्यालय के शिक्षकों ने बताया कि इस एलईडी टीवी के माध्यम से विद्यार्थियों को अब विभिन्न विषयों की डिजिटल अध्ययन सामग्री, शैक्षिक वीडियो, विज्ञान एवं गणित के पाठ, सामान्य ज्ञान और अन्य शिक्षण सामग्री आधुनिक तरीके से उपलब्ध कराई जा सकेगी। इससे बच्चों की पढ़ाई में रुचि बढ़ेगी और उनकी सीखने की क्षमता का भी विकास होगा। इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा और तकनीक का समन्वय अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक बच्चे को आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ मिलना चाहिए, चाहे वह किसी भी विद्यालय में अध्ययनरत हो। उन्होंने बताया कि निस्वार्थ सेवा संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने बताया कि संस्थान इससे पूर्व भी हाथरस जनपद के अनेक सरकारी विद्यालयों में स्मार्ट क्लास के लिए एलईडी टीवी उपलब्ध करा चुका है, जिससे हजारों विद्यार्थी डिजिटल शिक्षा का लाभ उठा रहे हैं। इसके अलावा कई विद्यालयों में छोटे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए टॉय रूम (Toy Room) का निर्माण एवं स्थापना भी कराई गई है, जहाँ बच्चों के लिए मनोरंजक एवं शिक्षाप्रद खेलों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल संसाधन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि शिक्षा को अधिक प्रभावी, रोचक और आधुनिक बनाना है। विद्यालय परिवार ने निस्वार्थ सेवा संस्थान का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहयोग विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देगा तथा शिक्षण कार्य को और अधिक प्रभावशाली बनाएगा। विद्यार्थियों ने भी नई स्मार्ट क्लास सुविधा को लेकर उत्साह व्यक्त किया। कार्यक्रम में संस्थान की ओर से अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, सचिव नीरज गोयल, सोशल मीडिया प्रभारी सारांश टालीवाल, सह सचिव तरुण राघव, सह सचिव निष्कर्ष गर्ग, सतेंद्र मोहन एवं सुनील कुमार उपस्थित रहे। वहीं विद्यालय की ओर से मुनेन्द्र कुमार (इंचार्ज हेड), हिता गौर, मीनाक्षी राहुल, नीलम, रेखा सुमन, अपर्णा पराशर, अनु रानी, नीतू (शिक्षामित्र), हरिमोहन पाठक (शिक्षामित्र) सहित विद्यालय के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page