
हाथरस 18 जुलाई। थाना चंदपा पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, एक 315 बोर का अवैध तमंचा तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने आगरा-अलीगढ़ हाईवे के नीचे मीतई गांव की पुलिया के पास घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामदगी एवं गिरफ्तारी के आधार पर थाना चंदपा में सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि उनके परिवार खर्च के लिए पर्याप्त पैसे नहीं देते थे। इसी कारण उन्होंने मिलकर दोपहिया वाहन चोरी करना शुरू किया। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को एकत्र कर राह चलते अनजान लोगों को बेच देते थे और बिक्री से प्राप्त रकम आपस में बराबर-बराबर बांटकर अपने शौक पूरे करते थे। आरोपियों ने बताया कि वे चोरी की मोटरसाइकिलों को बेचने के उद्देश्य से एक स्थान पर एकत्र कर रहे थे और शनिवार को उन्हें बेचने के लिए निकले थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद बुलेट मोटरसाइकिल उन्होंने थाना चंदपा क्षेत्र स्थित श्री भगवान धर्मकांटा से चोरी की थी। इस संबंध में थाना चंदपा में पूर्व से मु0अ0सं0 153/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा आरोपियों ने बताया कि बरामद काली सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल हाथरस गेट क्षेत्र से, सफेद अपाचे 160 सीसी मोटरसाइकिल दिल्ली के कृष्णा नगर क्षेत्र से तथा काली स्प्लेंडर प्लस हाथरस शहर से चोरी की गई थी। पुलिस अन्य बरामद वाहनों के संबंध में भी विस्तृत जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त पंकज पुत्र स्वर्गीय मुखिया एक शातिर अपराधी है। उसके विरुद्ध हाथरस, अलीगढ़ और गौतमबुद्ध नगर सहित विभिन्न जनपदों में चोरी, आर्म्स एक्ट और धोखाधड़ी जैसी गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों एवं चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है। जल्द ही इस मामले में अन्य महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।





