Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 अगस्त। सुजावलपुर स्थित महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में 13 अगस्त को मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर गंभीर मामला सामने आया। विद्यालय में आपूर्ति किए गए भोजन की दाल और रोटी बेहद खराब गुणवत्ता की पाई गई। भोजन में दुर्गंध और खराब स्वाद महसूस होने के बाद छात्रों ने उसे खाने से इनकार कर दिया। करीब 84 छात्र-छात्राओं ने पूरा भोजन वापस लौटा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय के प्रधानाचार्य एपी सिंह ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को लिखित पत्र भेजकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, 13 अगस्त को संबंधित संस्था द्वारा मध्याह्न भोजन की आपूर्ति की गई थी। छात्रों ने जैसे ही भोजन करना शुरू किया, दाल और रोटी की गुणवत्ता को लेकर शिकायत की और भोजन करने से साफ मना कर दिया। बताया जा रहा है कि संबंधित संस्था के भोजन को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। इससे पहले अप्रैल माह में एसडीएम सिकंदराराऊ की जांच में संस्था द्वारा उपलब्ध कराई गई तहरी और दूध अधोमानक पाए गए थे। इस संबंध में एसडीएम की ओर से पूरी आख्या जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी गई थी। लगातार मिल रही शिकायतों और अब विद्यालय में भोजन की खराब गुणवत्ता सामने आने के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। डीसी एमडीएम एसएन सिंह ने बताया कि संबंधित संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। अब देखना होगा कि संस्था की ओर से नोटिस के जवाब में क्या स्पष्टीकरण दिया जाता है और विभाग की जांच के बाद भोजन की गुणवत्ता में लापरवाही पाए जाने पर क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page