Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 अगस्त। नगर पालिका कर्मचारी गौरव दीक्षित की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उनकी पत्नी दुर्गेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मृतक की मां ममता ने बहू पर बेटे को मानसिक रूप से परेशान करने और उसकी मौत के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया है। पुलिस ने घटना से पहले घर में हुई गतिविधियों की CCTV रिकॉर्डिंग भी हासिल कर ली है, जिसे जांच का हिस्सा बनाया जाएगा। बताया गया कि 13 अगस्त की रात करीब आठ बजे गौरव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बहनोई मदन की सूचना पर कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। शुरुआती तौर पर हत्या की आशंका भी जताई गई थी। हालांकि पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका, जिसके बाद पुलिस ने विसरा सुरक्षित कराया है। मृतक की मां ममता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि गौरव रोजाना की तरह काम से घर लौटा था। उस समय उसकी पत्नी दुर्गेश से विवाद चल रहा था। गौरव ने विवाद शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि पत्नी ने उसके साथ अभद्रता की और चीखने-चिल्लाने लगी। मां के मुताबिक, घर में करीब आधे घंटे तक विवाद और हंगामा होता रहा। इसके बाद गौरव ऊपर अपने कमरे में चला गया। आरोप है कि रोज-रोज के पारिवारिक विवाद से परेशान होकर उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

CCTV फुटेज पुलिस के कब्जे में

मृतक के घर में CCTV कैमरे लगे हुए थे। मां ने पुलिस को बताया कि घटना से पहले गौरव और उसकी पत्नी के बीच हुआ विवाद CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। पुलिस ने संबंधित रिकॉर्डिंग हासिल कर ली है। अब फुटेज के आधार पर घटना से पहले के घटनाक्रम की जांच की जाएगी। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विसरा जांच, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि मृतक की मां की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page