
सासनी 24 जुलाई। थाना सासनी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे के भीतर लापता 14 वर्षीय किशोरी को फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उसकी कार्यशैली की सराहना की। पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को थाना सासनी क्षेत्र के ग्राम लुटसान निवासी एक महिला ने सूचना दी कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री अपनी चाची के साथ हाथरस जंक्शन स्थित मेंडू की दरगाह पर चादर चढ़ाने गई थी। इसी दौरान वह किसी बात से नाराज होकर बिना बताए कहीं चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल सका। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने प्रभारी निरीक्षक थाना सासनी को किशोरी की सकुशल बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद थाना सासनी पुलिस ने तत्काल कई टीमें गठित कर तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस ने बच्ची का फोटो लेकर बाजारों, मोहल्लों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर लोगों से पूछताछ करते हुए लगातार खोजबीन की। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस टीम ने अथक प्रयास करते हुए महज 8 घंटे के भीतर फर्रुखाबाद रेलवे स्टेशन से किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया। बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए किशोरी को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने पुलिस की तत्परता और संवेदनशील कार्यप्रणाली की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।









