
सासनी 23 सितम्बर। नगर पंचायत के मोहल्ला पल्टन में सड़क इंटरलॉकिंग निर्माण को लेकर मंगलवार को तहसील परिसर में उस समय हड़कंप मच गया, जब पीड़ित पक्ष ने प्रशासन पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डाल लिया। अचानक हुए घटनाक्रम से प्रशासनिक अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पीड़ित पक्ष के रेशम सिंह और दलवीर सिंह ने आरोप लगाया कि जिस जमीन पर नगर पंचायत द्वारा इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, वह उनकी निजी और ग्राम पंचायत की जमीन है। उनका कहना है कि इस मामले को लेकर वे पूर्व में एसडीएम सासनी, मंडलायुक्त अलीगढ़, जिलाधिकारी हाथरस तथा नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद मंगलवार सुबह ठेकेदार निर्माण कार्य कराने पहुंच गया। इससे दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक, जमीन से जुड़ा मामला न्यायालय में विचाराधीन है। उनका कहना है कि जब तक न्यायालय से मामले का निस्तारण नहीं हो जाता, तब तक विवादित भूमि पर किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं कराया जाना चाहिए। पीड़ित पक्ष ने तहसील में सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए प्रशासनिक रवैये पर सवाल उठाए और एसडीएम पर अभद्रता करने का आरोप भी लगाया। वहीं एसडीएम शिव प्रकाश यादव ने अभद्रता के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनके द्वारा पीड़ित पक्ष के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया है और नगर पंचायत अधिकारियों को भी कड़ी चेतावनी दी गई है। एसडीएम ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और दोनों पक्षों की समस्या का शीघ्र न्यायसंगत निस्तारण कराया जाएगा।









