
सासनी 05 नवंबर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हाथरस पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर निगरानी तेज कर दी गई है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी नगर ने सासनी क्षेत्र में संचालित पटाखा एवं आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों पर शासन द्वारा निर्धारित सुरक्षा मानकों और आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी क्रियाशीलता, आग से बचाव के इंतजाम, आतिशबाजी के सुरक्षित भंडारण, दुकानों के बीच निर्धारित दूरी तथा विद्युत सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की गई।
क्षेत्राधिकारी नगर ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि पटाखों एवं आतिशबाजी का भंडारण और बिक्री निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही करें। प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन उपकरण अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त रखें। इसके साथ ही दुकानों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने, धूम्रपान पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। हाथरस पुलिस द्वारा आगामी त्योहारों के मद्देनजर लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और सभी त्योहार सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हों।








