Hamara Hathras

Latest News

सासनी 03 सितम्बर। कोतवाली क्षेत्र के गांव बसगोई नगला बीरबल में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के माल पर हाथ साफ कर दिया। चोर मकान से 1,17,500 रुपये की नकदी समेत सोने-चांदी के भारी मात्रा में आभूषण चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे, लेकिन किसी को भी चोरी की भनक तक नहीं लगी।

सुबह खुला मिला ऊपर के कमरे का दरवाजा

पीड़ित मकान स्वामी चरन सिंह के मुताबिक, परिवार के सभी सदस्य रोजाना की तरह रात में घर में सोए थे। सुबह जागने पर ऊपर की मंजिल पर बने कमरे का दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो कमरे का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अलमारी और बक्सों के ताले टूटे हुए थे। जांच करने पर परिजनों को चोरी की जानकारी हुई। चोर घर में रखी नकदी और जेवरात लेकर फरार हो चुके थे।

ये सामान हुआ चोरी

पीड़ित के अनुसार चोर घर से 1,17,500 रुपये नकद के अलावा सोने के आभूषणों में एक टीका, दो मंगलसूत्र, एक बेसर, दो जोड़ी कुंडल, एक जोड़ी टॉप्स, चार लेडीज अंगूठी और दो जेंट्स अंगूठियां चोरी कर ले गए। इसके अलावा चांदी के आभूषणों में तीन कौंधनी, दो रेशम पट्टी, तीन चेन, दो हाथफूल, दो जोड़ी बिछिया, पांच जोड़ी पाजेब, 12 लच्छे तथा बच्चों के करीब 500 ग्राम खड़ूआ भी चोरी होने की बात सामने आई है। चोर तीन कीमती शर्ट समेत अन्य सामान भी ले गए।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब अज्ञात चोरों की तलाश के साथ ही घटना के खुलासे के लिए जांच-पड़ताल में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page