Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 सितम्बर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों की भागीदारी से जुड़ी विभिन्न मांगें उठाईं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर आयोजित प्रदर्शन के बाद जिला अध्यक्ष प्रकाश चंद्र गौतम के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में एससी, एसटी, ओबीसी, महिलाओं और अन्य वंचित वर्गों के लिए शिक्षा, रोजगार, राजनीति, प्रशासन और न्यायपालिका में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने की मांग की गई। कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण में 50 प्रतिशत आरक्षण, एससी-एसटी और ओबीसी महिलाओं के लिए उचित कोटा, स्थानीय निकायों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण तथा लोकसभा, विधानसभा, राज्यसभा और विधान परिषद में ओबीसी सहित वंचित वर्गों के प्रभावी प्रतिनिधित्व की मांग रखी। इसके अलावा जाति जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम शामिल करने, उच्च न्यायपालिका में एससी-एसटी और ओबीसी का प्रतिनिधित्व बढ़ाने, सरकारी सेवाओं में पदोन्नति में आरक्षण लागू करने, बैकलॉग के सभी पदों को भरने और समूह-क की भर्तियों में लैटरल एंट्री पर रोक लगाने की मांग की गई। निजी क्षेत्र, सरकारी ठेकों और खरीद में भी वंचित वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग ज्ञापन में शामिल रही। कार्यकर्ताओं ने सफाई कर्मियों को स्थायी नियुक्ति देने, सीवर सफाई के दौरान लोगों के सीवर में उतरने पर पूर्ण रोक लगाने, सफाई कर्मी की मौत होने पर 30 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी उठाई। इसके साथ ही छात्रावासों के निर्माण और छात्रवृत्ति नियमित किए जाने की मांग रखी गई। प्रदर्शन में मंडल प्रभारी एमएस निमेष, दिलीप सागर, अरविंद सिंह, आस मोहम्मद, कविता सिंह, कप्तान सिंह, तिलक सिंह निगम, बृजेश अहेरिया, विजेंद्र यादव, राकेश कुमार प्रधान, यतेंद्र यादव, सीटू यादव, रिंकू निगम, सोमेश यादव, सचिन गौतम, विजय जाटव, धर्मेंद्र कुमार और जगदीश आर्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page