सादाबाद 15 मई । सहपऊ क्षेत्र में आज 17 वर्षीय किशोरी ने गलती से विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे उसकी हालत गंभीर हो गई, जिसके बाद परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, किशोरी के पेट में गांठ थी और उसका इलाज चल रहा था। वह नियमित रूप से दवा ले रही थी। घर में उसकी दवा के पास ही गेहूं में डालने वाला विषाक्त पदार्थ रखा हुआ था। घटना के समय परिजन खेत पर काम करने गए हुए थे। इसी दौरान किशोरी ने गलती से विषाक्त पदार्थ को अपनी दवा समझकर खा लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां व घबराहट होने लगी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत परिजनों को सूचित किया, जो खेत से घर लौटे। परिवार के सदस्य आनन-फानन में किशोरी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया और किशोरी के शरीर से जहर निकालने में सफलता प्राप्त की। उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है, लेकिन बेहतर इलाज के लिए उसे एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया है।


























