सादाबाद 29 मई । आस्था और भक्ति का केंद्र बनने जा रहा सुभाष गली स्थित मंदिर श्री ठाकुर हनुमान जी महाराज विराजमान मीठा कूआं 22 जून को ऐतिहासिक पल का साक्षी बनेगा, जब मंदिर परिसर में भगवान श्रीराम की भव्य प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव सम्पन्न होगा। आयोजन श्रद्धा, उत्साह और वैदिक रीति के साथ किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्रभर के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रबंधक दिनेश अग्रवाल ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम कई धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न होगा। आयोजन की शुरुआत 20 जून को सुबह मंगल कलश यात्रा के साथ होगी, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु शामिल होंगे। इसके बाद आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चारण के बीच हवन-पूजन, श्रीराम दरबार स्थापना एवं प्राण प्रतिष्ठा की मुख्य विधि संपन्न कराई जाएगी। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन, सुंदरकांड पाठ और रामधुन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहेगा। श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था की जा रही है। मंदिर समिति ने नगर एवं आसपास के क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुभाष गली में होने वाला यह धार्मिक आयोजन क्षेत्र की आस्था और एकता का प्रतीक बनेगा। वहीं आयोजन को लेकर युवाओं और महिलाओं में भी खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
मंदिर का इतिहास
लाला द्वारिका दास अग्रवाल बड़े जमीदार धनाढ्य, रईस व्यक्ति थे। उनका विचार था एक मन्दिर श्री ठाकुर हनुमान जी महाराज विराजमान मीठा कुआं पर स्थापित कर जमीन मन्दिर श्री ठाकुर हनुमान जी महाराज के नाम कर दूँ। परन्तु वह अपने जीवन काल में कमरा, बरामदा व मूर्ति प्रतिष्ठा के लिए मन्दिर ही बनवा सके तब तक सन् 1936 में उनका देहान्त हो गया और मूर्ति हनुमान जी स्थापित न कर सके। उनके पौत्र लाला रामसरन दास जो उस समय 18 वर्ष के थे, के द्वारा अपने बाबा की इच्छा अनुरूप मन्दिर में ठाकुर हनुमान जी महाराज की मूर्ति की स्थापना कर प्राण प्रतिष्ठा की तथा शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा करवाई। सन् 1937 में अपनी इस सम्पन्ति को मन्दिर श्री ठाकुर हनुमान जी महाराज के नाम लिख दिया और बतौर प्रबन्धक रह कर मन्दिर के कार्य व सेवा व उनकी सम्पन्ति की देखभाल करने लगे। सन् 1975 में लाला रामसरन दास का देहान्त हो गया। मृत्यु के बाद उनके पुत्र श्री प्रेम बल्लभ अग्रवाल मन्दिर श्री ठाकुर हनुमान जी महाराज के प्रबन्धक बने और अपने जीवन काल में मन्दिर का विकास कराया और शीतला माता व बैष्णो देवी की मूर्ति स्थापित कर प्राण प्रतिष्ठा कराई। उनकी हार्दिक इच्छा हनुमान जी महाराज के आराध्य श्री राम का मन्दिर स्थापित करने की थी। परन्तु सन् 2023 में उनकी मृत्यु हो गई और भगवान श्री राम का मन्दिर नहीं बन सका। उनकी मृत्यु के बाद पुत्र दिनेश अग्रवाल मन्दिर श्री ठाकुर हनुमान जी महाराज के प्रबन्धक बने और सन 2026 में अपने पिता श्री प्रेम बल्लभ अग्रवाल की इच्छा के मुताबिक श्री राम मन्दिर का निर्माण कर श्री राम लक्ष्मण सीता मय परिवार मूर्ति स्थापित कर प्राण प्रतिष्ठा कराई और सभी मन्दिर व मन्दिर परिसर स्नानघर, बाथरूम, सत्संग हॉल का नए तरीके से पुनः नव निर्माण जीर्णोद्वार करा कर श्री शनि देव महाराज की प्राण प्रतिष्ठा कराई।





















