Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 07 अगस्त। आज दोपहर हुई मूसलाधार बारिश के बाद कस्बे की जल निकासी व्यवस्था प्रभावित हो गई। डाकखाना रोड, आगरा गेट, आनंद नगर और सब्जी मंडी सहित कई इलाकों में जलभराव देखा गया। सुभाष गली में स्थिति अधिक गंभीर रही, जहां बारिश थमने के बाद भी लगभग डेढ़ घंटे तक पानी भरा रहा। इसी दौरान स्कूलों की छुट्टी होने से छात्र-छात्राओं को घर पहुंचने में कठिनाई हुई। बच्चे समय पर घर नहीं पहुंचे तो अभिभावकों ने चिंता व्यक्त करते हुए स्कूलों में फोन करना शुरू कर दिया। बारिश के कारण श्री वासुदेव विद्या मंदिर और श्री महाराजा अग्रसेन गर्ल्स इंटर कॉलेज के कई छात्र-छात्राएं स्कूलों में ही रुके रहे। जलभराव के चलते बच्चों को बाहर निकलने में परेशानी हुई। काफी देर तक बच्चे घर नहीं पहुंचने पर कई अभिभावक स्वयं विद्यालयों तक पहुंचे और अपने बच्चों को सुरक्षित घर लेकर गए। स्थानीय निवासियों के अनुसार, सुभाष गली का नाला सादाबाद के प्रमुख अंतिम नालों में से एक है। शहर के बड़े हिस्से का बरसाती पानी इसी नाले से होकर कारबन नदी की ओर जाता है। भारी बारिश के दौरान बड़ी मात्रा में पानी पहुंचने से नाले की क्षमता कम पड़ जाती है। शुक्रवार को भी यही स्थिति बनी। तेज बारिश थमने के बाद भी जलभराव कम नहीं हुआ, जिससे स्कूलों की छुट्टी के समय बच्चों और अभिभावकों की परेशानी बढ़ गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुभाष गली में जल निकासी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। उन्होंने प्रशासन और नगर निकाय से नाले की क्षमता बढ़ाने और जल निकासी की स्थाई व्यवस्था करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page