Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 12 सितम्बर। क्षेत्र के युवा लगातार नए कीर्तिमान बना रहे हैं। इसी कड़ी में नगला कला के युवाओं की एक टीम ने लद्दाख की ऊंची पर्वत चोटियों पर 26 बार तिरंगा फहराया है। इस अभियान में नगला कला बरामई के पर्वतारोही होरीलाल ने भी अहम भूमिका निभाई। सेना मेडल विजेता दीपक कुमार के नेतृत्व में छह सदस्यों की टीम ने यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने लद्दाख में ‘प्रोजेक्ट 26/11 द हिमालयन ब्लिट्ज’ अभियान चलाया। टीम ने सिर्फ 11 दिनों में 6000 मीटर से ज्यादा ऊंची 26 पर्वत चोटियों पर चढ़ाई की। इस दौरान माइनस 25 डिग्री तापमान, तेज हवाएं, बर्फीले तूफान और खतरनाक दरारें जैसी चुनौतियां सामने आईं, लेकिन टीम ने हार नहीं मानी। होरीलाल ने बताया कि यह अभियान 26/11 मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों और नागरिकों को समर्पित था। 15 अगस्त से 25 अगस्त तक चले इस अभियान में टीम ने अलग-अलग चोटियों पर तिरंगा फहराकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस टीम में उत्तर प्रदेश से दीपक कुमार और होरीलाल शामिल थे। उत्तराखंड से मनोज राणा और रघुवीर, महाराष्ट्र से आशीष और मध्यप्रदेश से सतीश भी टीम का हिस्सा थे। टीम ने मुश्किल हालात में भी अपना लक्ष्य पूरा किया। होरीलाल ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में पहले भी कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने माउंट भागीरथी-2 (6512 मीटर), कांग यात्से-1 (6400 मीटर) और कांग यात्से-2 (6250 मीटर) जैसी चोटियों पर भी चढ़ाई की है। होरीलाल के अनुसार, देश के लिए कुछ करने का जुनून ही उन्हें मुश्किल हालात में आगे बढ़ने की हिम्मत देता है। उनके लिए हर चोटी पर तिरंगा फहराना सिर्फ एक उपलब्धि नहीं, बल्कि देश और शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page