Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 29 सितम्बर। नगर पंचायत सभागार में मंगलवार को बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल ने की। बैठक में सभासदों और मनोनीत सभासदों ने नगर की सफाई व्यवस्था और प्रकाश व्यवस्था को लेकर अपनी नाराजगी जताई। सभासदों ने कहा कि नगर में सफाई व्यवस्था अपेक्षा के अनुरूप नहीं है, जबकि कई स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त पड़ी है। उन्होंने सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के साथ ही खराब स्ट्रीट लाइटों को जल्द ठीक कराने की मांग रखी। बैठक में अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने ब्लॉक सादाबाद के सामने पुराने यात्री स्टैंड को लगवाने का प्रस्ताव रखा, जिसे बोर्ड ने खारिज कर दिया। वहीं पूर्व में लगाए गए यात्री स्टैंडों के नाम महापुरुषों के नाम पर किए जाने के प्रस्ताव को सभी सभासदों ने सहमति प्रदान की। अतिरिक्त 14 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने के प्रस्ताव पर सभासदों ने सवाल उठाते हुए कहा कि कैमरे पहले ही लगाए जा चुके हैं, ऐसे में इस विषय को दोबारा बैठक में रखने का कोई औचित्य नहीं है। इसी तरह एमआरएफ सेंटर पर पोकलेन मशीन से कार्य कराने के अनुमोदन के प्रस्ताव पर भी सभासदों ने कहा कि कई दिनों से वहां कार्य चल रहा है, इसलिए इसे अब प्रस्ताव के रूप में रखने का औचित्य नहीं है। मनोनीत सदस्यों के नाम के तीन नए बोर्ड लगाए जाने के प्रस्ताव पर सभासदों ने कहा कि पूर्व में लगाए गए बोर्ड टूट चुके हैं। इसलिए सभी सभासदों के नाम के नए बोर्ड लगाए जाने चाहिए। कोतवाली परिसर में आरओ वाटर प्लांट लगवाने के प्रस्ताव एवं कार्यालय कार्यों को सुचारू रखने के लिए सेवानिवृत्त लिपिक को पुनः कार्य पर रखने की चर्चा हुई। इस पर सभासदों ने एकमत होकर प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। उनका कहना था कि यदि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दोबारा रखने की व्यवस्था शुरू की गई तो अन्य सेवानिवृत्त कर्मचारी भी वापस काम पर रखने की मांग कर सकते हैं। इसके बाद विकास कार्यों सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में अध्यक्ष प्रतिनिधि राधारमण अग्रवाल, सभासद कालू चौधरी, नासिर खान, चंद्रकांत बधोतिया, दिनेश त्यागी, चरण सिंह सागर, उमेश शर्मा, दिनेश वर्मा, रेशमपाल, ओमवीर सिंह, मोहम्मद चांद, रेनू जिंदल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page