
हाथरस 04 अगस्त। हाथरस से जलेसर के बीच सफर करने वाले यात्रियों की परेशानियां जल्द दूर होने की उम्मीद है। जलेसर में रोडवेज का नया डिपो बनने के बाद इस मार्ग पर बसों की संख्या बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। परिवहन निगम द्वारा नए जलेसर डिपो को क्रियाशील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। डिपो के संचालन के लिए हाथरस और आसपास के अन्य डिपो से स्टाफ की अस्थायी तैनाती की गई है। साथ ही विभिन्न मार्गों के लिए रूट चार्ट तैयार करने का काम भी तेजी से चल रहा है, ताकि जल्द से जल्द बस सेवाएं शुरू की जा सकें। परिवहन निगम का विशेष ध्यान हाथरस और जलेसर के बीच सीधी एवं सुगम बस सेवा उपलब्ध कराने पर है। हाथरस डिपो की ओर से भी जलेसर मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ाने की योजना तैयार की जा रही है। नया डिपो पूरी तरह से संचालित होने के बाद दोनों शहरों के बीच नियमित रूप से बसें उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे दैनिक यात्रियों, छात्र-छात्राओं और व्यापारियों को काफी राहत मिलेगी और उन्हें निजी अथवा डग्गामार वाहनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। फिलहाल एक सरकारी बस के भरोसे रूट: वर्तमान में हाथरस डिपो की ओर से हाथरस-जलेसर मार्ग पर केवल एक रोडवेज बस संचालित हो रही है। यह बस हाथरस से जलेसर पहुंचने के बाद वापस लौटकर नोएडा के लिए रवाना होती है। एक ही बस के संचालन के कारण यात्रियों को समय पर सरकारी बस उपलब्ध नहीं हो पाती और उन्हें आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। नया डिपो शुरू होने के बाद इस रूट पर बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को नियमित और बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है।









