
हाथरस 03 जुलाई। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गांधीधाम-भागलपुर स्पेशल ट्रेन के संचालन की अवधि एक बार फिर बढ़ा दी है। इस निर्णय से हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन से बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और गुजरात की यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले की तरह सीधी रेल सुविधा मिलती रहेगी। रेलवे के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन गांधीधाम से 3 जुलाई से 31 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार तथा भागलपुर से 6 जुलाई से 3 अगस्त तक प्रत्येक सोमवार संचालित होगी।
भागलपुर-गांधीधाम एक्सप्रेस का हाथरस सिटी रेलवे स्टेशन पर दोनों दिशाओं में दो-दो मिनट का ठहराव रहेगा। रेलवे सूत्रों के मुताबिक प्रत्येक फेरे में हाथरस से औसतन 30 से 40 यात्री आरक्षित श्रेणी में इस ट्रेन से सफर करते हैं। व्यापार, नौकरी, शिक्षा और पारिवारिक कारणों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन एक महत्वपूर्ण विकल्प बन चुकी है। यात्रियों को उम्मीद है कि भविष्य में इसे नियमित ट्रेन के रूप में संचालित किया जाएगा। समय-सारिणी के अनुसार गांधीधाम से चलने वाली ट्रेन दूसरे दिन शाम 4:57 बजे हाथरस सिटी स्टेशन पहुंचेगी, जबकि भागलपुर से आने वाली ट्रेन दूसरे दिन सुबह 7:06 बजे हाथरस सिटी स्टेशन पहुंचेगी।
इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि लखनऊ स्टेशन पर रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) द्वारा लिए गए ब्लॉक के कारण इस ट्रेन का ठहराव लखनऊ, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, बगहा, हरिनगर, नरकटियागंज, बेतिया, सगौली, बापूधाम मोतिहारी और चकिया स्टेशनों पर अस्थायी रूप से नहीं रहेगा। इसके स्थान पर ट्रेन फतेहपुर, प्रयागराज जंक्शन, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी जंक्शन, औड़िहार, गाजीपुर सिटी, छपरा और हाजीपुर स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाते समय संशोधित समय-सारिणी और ठहराव की जानकारी अवश्य जांचने की अपील की है।


























