
हाथरस 18 अगस्त। पीआरडी जवानों के दैनिक वेतन भत्ते को 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किए जाने और मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना लागू होने से जिले के पीआरडी जवानों में खुशी की लहर है। मंगलवार को युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के तत्वावधान में कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसकी अध्यक्षता सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने की। इस दौरान गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन का सजीव प्रसारण भी किया गया, जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और पीआरडी जवानों ने देखा और सुना। मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के अनुसार अब पीआरडी जवानों को 600 रुपये प्रतिदिन का दैनिक वेतन भत्ता मिलेगा, जबकि मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत जवानों और उनके परिवारों को 5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी जवानों की मेहनत और परिश्रम को पहचानते हुए उनके मानदेय में वृद्धि का महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि पीआरडी जवान पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने महिला पीआरडी जवानों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि किसी पद का कोई जेंडर नहीं होता और महिला एवं पुरुष समान रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकते हैं। विधायक ने कहा कि स्वास्थ्य प्रत्येक व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण है और आर्थिक कठिनाइयों के कारण कई बार लोग समय पर उपचार नहीं करा पाते। ऐसे में पीआरडी जवानों और उनके परिवारों के लिए 5 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा बड़ी राहत साबित होगी।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि पीआरडी जवानों को केवल पीआरडी के रूप में नहीं, बल्कि प्रशासन और पुलिस प्रशासन के फोर्स मल्टीप्लायर के रूप में देखा जाता है। मेले, धार्मिक आयोजन, यातायात व्यवस्था और श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सहित विभिन्न अवसरों पर पीआरडी जवान महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न वर्गों से आने के कारण पीआरडी जवान आमजन की समस्याओं और उनकी पीड़ा को बेहतर ढंग से समझते हैं तथा संवेदनशीलता के साथ अपनी ड्यूटी निभाते हैं। उन्होंने कहा कि मानदेय में वृद्धि को केवल पारिश्रमिक बढ़ने के रूप में नहीं, बल्कि सरकार द्वारा पीआरडी जवानों के कार्यों को दी गई मान्यता के रूप में भी देखा जाना चाहिए। उन्होंने जवानों से अपील की कि बढ़े हुए मानदेय के साथ उनके उत्साह और कार्यशैली में भी सकारात्मक बदलाव दिखाई दे तथा वे निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। इस मौके पर पीआरडी जवान शिवमंगल और संतोष कुमारी ने मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित, जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में पीआरडी जवान मौजूद रहे।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101






