हाथरस 24 सितम्बर। श्री रामेश्वरदास अग्रवाल कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्या प्रो. मंजू वर्मा के निर्देशन में अंग्रेजी विभाग द्वारा पोएम रेसिटेशन कॉम्पिटिशन का आयोजन किया गया। अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो. संगीता अरोड़ा की उपस्थिति में आयोजित प्रतियोगिता में 20 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की निहारिका श्रीवास्तव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बीए तृतीय सेमेस्टर की दिशा शर्मा और अनुष्का शर्मा ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। करिश्मा दीक्षित एवं आलिमा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया, जबकि नाजिश अंसारी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। प्रतियोगिता में डॉ. रंजना एवं डॉ. ललितेश ने निर्णायक की भूमिका निभाई और संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर कु. नाहिद बी ने किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में साहित्यिक अभिरुचि, सृजनात्मकता, अभिव्यक्ति कौशल और आत्मविश्वास का विकास करना रहा। इसी क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हाथरस के तत्वावधान में महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग द्वारा विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य वक्ता विधिक सलाहकार लक्ष्मी गुप्ता ने छात्राओं को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, कन्या सुमंगला योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और प्रधानमंत्री अटल आवासीय योजना सहित विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की महत्ता और प्रक्रिया समझाते हुए बताया कि लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न विवादों का त्वरित, सुलभ और नि:शुल्क निस्तारण कराया जा सकता है। वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने कहा कि ऐसे जागरूकता शिविर छात्राओं के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं और उन्हें सरकारी योजनाओं एवं कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक बनाते हैं। कार्यक्रम में वैष्णो देवी, स्वाति बंसल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। अंत में प्रतिभागियों, निर्णायकों और अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।





