गाली-गलौज का विरोध बना विवाद की वजह, घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप, नामजद आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई

हाथरस 30 जुलाई। सदर कोतवाली क्षेत्र के खौड़ा हजारी मोहल्ले में पड़ोसियों पर मारपीट और गाली-गलौज का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित जीतू ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके घर के सामने स्थित चौक में पड़ोसी कृष्णा और आकाश ने उनके भाई पुरुषोत्तम उर्फ छोटे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।






