
हाथरस 16 अगस्त। ब्रजद्वार देहरी हाथरस की प्रसिद्ध गली होली वाली स्थित प्राचीन मंदिर ठाकुर श्री लक्ष्मीनारायण जी महाराज के परिसर में हरियाली तीज यानी ठकुरानी तीज का पावन पर्व हर्षोल्लास और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इसी अवसर पर अनन्य नृपति श्री स्वामी हरिदास देव जु महाराज की परंपरा के तृतीय आचार्य गुरुदेव जु श्री स्वामी बिहारिनदेव जु महाराज का पाटोत्सव भी श्रद्धापूर्वक आयोजित किया गया। महोत्सव के अवसर पर ठाकुर जी महाराज भव्य ‘पान निकुंज’ में विराजमान हुए और हरे रंग के मनोहारी श्रृंगार में भक्तों को दिव्य दर्शन दिए। ठाकुर जी के अलौकिक स्वरूप के दर्शन के लिए देर रात तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिर प्रांगण को पान के पत्तों और पुष्पों से आकर्षक एवं दिव्य रूप से सजाया गया था। महोत्सव के दौरान टटिया स्थान, वृंदावन की प्राचीन समाज परंपरा का निर्वहन किया गया। रसिकाचार्यों द्वारा रचित विभिन्न भावपूर्ण पदों का सुमधुर गायन हुआ। ‘आज तो झूलें री दोऊ नवल हिंडोरना’, ‘रंगीले दोऊ झूलें सुरत हिंडोरे’, ‘हिंडोरे झूलत तन सुकुमार’, ‘आयो री मन भावन सावन आयो री’, ‘आज बधाई आयी री माई’ सहित अनेक पदों एवं भजनों की प्रस्तुति से मंदिर परिसर वृंदावनमय हो उठा और श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर नजर आए।
रक्षाबंधन तक होंगे विशेष धार्मिक आयोजन
मंदिर प्रबंधन ने बताया कि हरियाली तीज के बाद रक्षाबंधन तक प्रतिदिन मंदिर परिसर में शास्त्रीय रागों जैसे मल्हार, मेघ मल्हार और मारू के सानिध्य में रसिकाचार्यों के पदों का नित्य गायन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पवित्रा एकादशी से रक्षाबंधन तक पांच दिवसीय भव्य हिंडोला महोत्सव भी आयोजित होगा। इस दौरान ठाकुर जी महाराज प्रतिदिन नवीन एवं आकर्षक सज्जा वाले अलग-अलग हिंडोलों में विराजमान होकर श्रद्धालुओं को दिव्य दर्शन देंगे। मंदिर समिति ने धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। महोत्सव में प्रमुख रूप से गौरांग बागला, पारस जांगिड़, ऋषभ वर्मा, तुषार शर्मा, अर्पित चौधरी, अमित वर्मा, ललित वर्मा, कृष्णा वर्मा, उमाशंकर शर्मा, प्रभाकर वर्मा, रामबाबू लाल, अतुल खंडेलवाल, राकेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं भक्तजन उपस्थित रहे।











