Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 10 जून।  उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के तहत आज अंतिम दिन जनपद के 13 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। हालांकि आज भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हो सके। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 10,080 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7469 ने परीक्षा दी, जबकि 2611 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। पहली पाली में 5,040 पंजीकृत अभ्यर्थियों के सापेक्ष 3718 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 1322 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में भी 5,040 अभ्यर्थियों का पंजीकरण था, जिनमें से 3751 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1289 अभ्यर्थी परीक्षा में नहीं पहुंचे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अभ्यर्थियों को सघन जांच और सत्यापन प्रक्रिया के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। अंतिम दिन परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बागला इंटर कॉलेज तथा बागला डिग्री कॉलेज का निरीक्षण भी किया। जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले दो दिनों की तरह आज अंतिम दिन भी जनपद के सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से सम्पन्न हुई । यातायात व्यवस्था को इस प्रकार संभाला गया है कि अभ्यर्थियों को आवागमन में कोई असुविधा न हो और जनपद में कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी ने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के बेहतर तालमेल के चलते परीक्षा पूरी तरह व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page