Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को सादाबाद क्षेत्र के सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में तिरंगा फहराया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और उनके बलिदान के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। सादाबाद ब्लॉक संसाधन केंद्र स्थित संविलियन विद्यालय द्वितीय में खंड शिक्षा अधिकारी किरण चौधरी ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद बच्चों ने देशभक्ति के कार्यक्रम प्रस्तुत किए और अतिथियों का स्वागत किया। सादाबाद इंटर कॉलेज में प्रबंधक कु. मेंहमूद अली खान ने ध्वजारोहण किया। यहां भी छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एसडीएम रितु सिरोही और पुलिस क्षेत्राधिकारी जेएन अस्थाना सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे। एसडीएम रितु सिरोही और सीओ जेएन अस्थाना ने गरीब बच्चों को कपड़े वितरित किए। श्री वासुदेव विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल में छात्राओं ने ध्वजारोहण किया। लाला किशन नारायण अग्रवाल सरस्वती शिशु मंदिर में अध्यक्ष हेमलता अग्रवाल ने तिरंगा फहराया। इन कार्यक्रमों में राधा रमन अग्रवाल, दाऊ दयाल सर्राफ और राजेंद्र अग्रवाल जैसे विशेष अतिथि मौजूद रहे। श्रीमती रामश्री देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने एक विशाल तिरंगा रैली निकाली। इस रैली में 100 मीटर लंबा तिरंगा मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे देखकर लोगों में देशभक्ति का उत्साह दिखा। इसी तरह एसआरडी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भी हाथों में तिरंगा लेकर नगर में एक बड़ी रैली निकाली। दोनों रैलियों के दौरान पुलिस टीम ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभाली। विद्यालयों में हुए इन सभी कार्यक्रमों के दौरान ‘भारत माता की जय’ के नारों और देशभक्ति गीतों से पूरा वातावरण गूंजता रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page