हाथरस 14 मई। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स उत्तर प्रदेश प्रादेशिक मुख्यालय, लखनऊ के निर्देशन में भारत स्काउट और गाइड जनपद हाथरस की जिला कार्यकारिणी बैठक श्री सुरजोबाई बालिका इंटर कॉलेज के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला मुख्य आयुक्त एवं जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश ने की।
बैठक में जिला संगठन आयुक्त स्काउट धीरेंद्र प्रताप सिंह ने पिछली बैठक की कार्यवाही की पुष्टि करते हुए वर्तमान सत्र के वार्षिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने स्काउट एवं गाइड दलों के नवीनीकरण, अंशदान, संबद्धता शुल्क, वारंट शुल्क प्रादेशिक मुख्यालय को प्रेषित करने, 24 राज्य पुरस्कार प्राप्त स्काउट एवं गाइडों के राष्ट्रपति पुरस्कार हेतु आवेदन, नवंबर माह में राज्य पुरस्कार परीक्षण आयोजित कराने तथा एडवांस कोर्स उत्तीर्ण स्काउट मास्टर एवं गाइड कैप्टन के हिमालय वुड बैज हेतु आवेदन के संबंध में जानकारी दी। साथ ही नवंबर माह में बेसिक एवं एडवांस प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना से भी अवगत कराया। इस अवसर पर सहायक प्रादेशिक संगठन आयुक्त अलीगढ़ मंडल नेहा कटियार ने शीतलाखेत स्थित प्रादेशिक प्रशिक्षण केंद्र में चल रहे एडवेंचर कैंप की विस्तृत जानकारी देते हुए अधिकाधिक प्रतिभागियों को शामिल होने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रदेश मुख्यालय की वार्षिक कार्ययोजना की हस्तपुस्तिका जिला विद्यालय निरीक्षक को भेंट की। अध्यक्षीय संबोधन में जिला मुख्य आयुक्त एवं जिला विद्यालय निरीक्षक संत प्रकाश ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए स्काउट और गाइड गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया। जिला कोषाध्यक्ष वीरेंद्र शर्मा ने आय-व्यय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। बैठक में खेल सचिव अतुल कुमार वर्मा ने वर्तमान सत्र की जिला क्रीड़ा समिति के चुनाव की प्रक्रिया पूरी कर पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की। अंत में राष्ट्रीय जंबूरी में प्रतिभाग करने वाली माधुरी गौतम को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला आयुक्त गाइड ममता उपाध्याय, संयुक्त सचिव डॉ. दीपक जैन, शिव कुमार, प्रधानाचार्य कुंटेश, लाखन सिंह, मुकेश कुमार, डॉ. राजीव अग्रवाल, राजेंद्र सिंह, डॉ. राजीव गुप्ता सहित जनपद के राजकीय एवं अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन तथा खेलकूद प्रभारी उपस्थित रहे।
























