
सादाबाद 21 मई । कोतवाली क्षेत्र के गांव पुसैनी में दलित युवक पंकज उर्फ सोनू की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। यह मामला मंगलवार सुबह सामने आया था, जब गांव पुसैनी निवासी 22 वर्षीय पंकज उर्फ सोनू का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर युवक की पीट-पीटकर हत्या करने और गला दबाने का आरोप लगाया था। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि इस मामले में नामजद आरोपी शिव पुत्र डोरी लाल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। विजय सिंह ने यह भी बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।






















