
हाथरस 14 मई। मेरा भारत तथा जिला पूर्ति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित पाँच दिवसीय अनुभवात्मक प्रशिक्षण कार्यक्रम (ईएलपी) के चतुर्थ दिवस पर प्रतिभागी युवाओं को हाथरस जनपद के हतिसा क्षेत्र स्थित एक उचित दर की दुकान का भ्रमण कराया गया। इस दौरान युवाओं को Public Distribution System (पीडीएस) के अंतिम चरण, अर्थात पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न वितरण की पूरी प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
भ्रमण के दौरान पूर्ति निरीक्षक रोहित कुमार एवं उचित दर विक्रेता ने युवाओं को बताया कि किस प्रकार पात्र लाभार्थियों का सत्यापन किया जाता है तथा ई-पॉस मशीन के माध्यम से पारदर्शी एवं डिजिटल तरीके से राशन वितरण सुनिश्चित किया जाता है। प्रशिक्षण में लाभार्थी पहचान, राशन आवंटन, वितरण अभिलेखीकरण तथा निगरानी तंत्र के विभिन्न चरणों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही यह भी समझाया गया कि नियमित निरीक्षण और डिजिटल प्रणाली के उपयोग से वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही कैसे बनाए रखी जाती है।
जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि इस प्रशिक्षण से प्रतिभागियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतिम स्तर की स्पष्ट और व्यावहारिक समझ प्राप्त हुई है। युवाओं ने जाना कि सरकार की योजनाएँ किस प्रकार सीधे आम जनता तक पहुँचती हैं और इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व की कितनी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कार्यक्रम में प्रतिभागी युवाओं ने सक्रिय सहभागिता करते हुए इसे उपयोगी, ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक अनुभव बताया।
























