Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ (हसायन) 08 अगस्त। विकास खंड हसायन के अंतर्गत आने वाले परिषदीय विद्यालय इटरनी में आज ‘नो बैग डे’ का भव्य उत्सव अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत बच्चों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बिना बस्ते के विद्यालय पहुंचकर रचनात्मक गतिविधियों, खेलकूद और व्यावहारिक ज्ञान का आनंद लिया। कार्यक्रम की शुरुआत शिक्षकों के मार्गदर्शन में मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद बच्चों ने किताबों से इतर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से सीखने का अनुभव प्राप्त किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने खेल-खेल में गणित से जुड़ी गतिविधियों में प्रतिभाग किया। विद्यालय में ‘नो बैग डे’ उत्सव कुल 10 शनिवारों तक मनाया जाएगा। प्रत्येक शनिवार को विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें खिलौने बनाना, क्ले मॉडलिंग, ओरिगामी कला के तहत कागज की नाव एवं हवाई जहाज तैयार करना जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

उच्च प्राथमिक स्तर के छात्र-छात्राओं के लिए ‘कबाड़ से जुगाड़’ प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें बच्चे पुरानी बोतलों, गत्तों और अन्य अनुपयोगी वस्तुओं का उपयोग कर पेन स्टैंड एवं विभिन्न सजावटी सामान तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इसके साथ ही विद्यार्थियों को व्यावहारिक जीवन कौशल से जोड़ने के लिए बिना आग के पौष्टिक भेलपुरी, अंकुरित अनाजों की चाट एवं नींबू पानी तैयार करने जैसी गतिविधियां भी कराई जाएंगी। वहीं खेलकूद सत्र में रुमाल झपट्टा, कबड्डी एवं दिमागी पहेलियों जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया जाएगा। ‘नो बैग डे’ के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यालय परिसर में किताबों और बस्तों के बजाय खेल, रचनात्मकता और व्यावहारिक सीखने की गतिविधियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा और शिक्षकों ने बच्चों को विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page