Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 04 सितम्बर । हाथरस गेट क्षेत्र निवासी एक विवाहिता ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों पर नौकरी दिलाने के बहाने दुष्कर्म करने, दो बार गर्भपात कराने, मारपीट करने और 50 लाख रुपये दहेज की मांग करने का गंभीर आरोप लगाया है। विवाहिता ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर मामले की जांच शुरू कर दी है। विवाहिता का आरोप है कि 3 जनवरी 2020 को अभिषेक निवासी बसमी, थाना मिश्रिख, सीतापुर ने खुद को टोल मैनेजर बताते हुए नौकरी लगवाने के बहाने उसे मैनपुरी बुलाया था। आरोप है कि वहां नींद की गोली देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता के अनुसार, उसने कार्रवाई की बात कही तो आरोपी ने शादी करने का आश्वासन दिया और नोटरी पर लिखा-पढ़ी भी कराई। इसके बाद 16 फरवरी 2020 को देवा गेस्ट हाउस में हिंदू रीति-रिवाज से शादी हुई।

पीड़िता के मुताबिक, शादी के दौरान उसके परिवार की ओर से आभूषण, फर्नीचर और घरेलू सामान दिया गया था। आरोप है कि शादी के बाद जब वह गर्भवती हुई तो पति, ससुर, सास, जेठ, देवर और ननद ने बच्चा नहीं चाहने की बात कहते हुए 26 अप्रैल 2020 को दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। विवाहिता का आरोप है कि बाद में ससुरालियों को उसके परिवार की जमीन बिकने की जानकारी हुई तो उन्होंने 50 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान उसे यह भी कहा गया कि उसके साथ शादी दुष्कर्म के मुकदमे से बचने के लिए की गई थी।

पीड़िता ने आरोप लगाया कि दूसरी बार भी वह करीब ढाई माह की गर्भवती हुई। इस दौरान उसे सीतापुर ले जाकर अल्ट्रासाउंड कराया गया और कथित रूप से दवा देकर दोबारा गर्भपात करा दिया गया। उसने पति पर शराब के नशे में उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य करने का भी आरोप लगाया है। विवाहिता के अनुसार, मामले को लेकर पंचायत हुई, जिसमें ससुरालियों ने अपनी गलती स्वीकार की, लेकिन बाद में विवाद फिर बढ़ गया। आरोप है कि 6 अप्रैल 2024 को उसके साथ मारपीट की गई और अर्टिगा कार से उसे मायके छोड़ दिया गया। साथ ही 50 लाख रुपये लेकर ही वापस आने और ऐसा नहीं करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। विवाहिता ने पूरे मामले में पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अभियोग दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों, संबंधित साक्ष्यों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page