Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 16 मई । कस्बे की राधा बल्लभ कॉलोनी स्थित अग्रवाल कोल्ड के पीछे आयोजित श्रीमद भागवत कथा के पांचवें दिन भगवान श्री राम और श्री कृष्ण के जन्मोत्सव का भावपूर्ण वर्णन किया गया। चित्रकूट धाम से पधारे कथा व्यास आचार्य राम लखन जी महाराज ने श्रद्धालुओं को धर्म, मर्यादा और भक्ति का संदेश दिया। कथा के दौरान पूरा पंडाल ‘जय श्रीराम’ और ‘जय श्रीकृष्ण’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। आचार्य राम लखन जी महाराज ने भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए बताया कि उनका अवतार चैत्र मास की नवमी तिथि को अयोध्या में राजा दशरथ के घर हुआ था। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने रावण जैसे अत्याचारी का अंत कर धर्म की स्थापना की और अपने जीवन से त्याग, सत्य तथा आदर्शों की मिसाल प्रस्तुत की। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का वर्णन करते हुए महाराज श्री ने बताया कि उनका जन्म भाद्रपद मास की अष्टमी तिथि की मध्यरात्रि में कारागार में हुआ। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने ऐसा समय चुना जब सभी पहरेदार निद्रा में थे, ताकि किसी पर अपने कर्तव्य में लापरवाही का दोष न आए। यह प्रसंग भगवान की करुणा और न्यायप्रियता का संदेश देता है। जैसे ही कथा में भगवान श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग आया, श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर हो उठे। पूरे पंडाल में जयघोष गूंजने लगे और नंदोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। परीक्षित सोनिया चौधरी एवं अंशुल चौधरी ने श्रद्धापूर्वक आरती कर कथा का श्रवण किया। भजन-कीर्तन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर देव चौधरी, सांवरिया सेठ सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कथा के समापन पर सभी भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page