सादाबाद : समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, 55 में से 5 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
सादाबाद 16 मई । आज अतुल वत्स की अध्यक्षता में तहसील सादाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चिरंजीव नाथ सिन्हा तथा विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आमजन की शिकायतें सुनकर उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष प्रकरणों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को भेजते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विशेष रूप से राजस्व संबंधी शिकायतों के त्वरित समाधान पर जोर देते हुए कहा कि खेतों के खाली होने के कारण नाली, चक रोड और भूमि विवादों की पैमाइश तत्काल कराई जाए, ताकि शिकायतकर्ताओं को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को अधिक बिजली बिलों की शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर समाधान करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जहां शिकायतों के निस्तारण में पुलिस बल की आवश्यकता हो, वहां संबंधित कोतवाली से पुलिस बल लेकर मौके पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रत्येक फरियादी समाधान की उम्मीद लेकर आता है, इसलिए किसी भी शिकायत को लंबित रखने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों में आमजन के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यालय में कम से कम दो पानी के मटके रखे जाएं और उनमें नियमित रूप से स्वच्छ पानी उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान विधायक प्रदीप कुमार ने भी अधिकारियों को विभिन्न जनसमस्याओं से अवगत कराते हुए स्थलीय निरीक्षण के बाद आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।समाधान दिवस में प्रशांत तिवारी, डॉ. राजीव राइ, एसडीएम मनीष चौधरी, तहसीलदार हेमंत चौधरी, पुलिस उपाधीक्षक जे.एम. अस्थाना सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।























