Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 17 नवंबर। डिजिटल तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों के मामले भी तेजी से सामने आ रहे हैं। ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और बैंकिंग धोखाधड़ी से ग्रामीणों को बचाने तथा उनमें डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जीएल बजाज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मथुरा के विद्यार्थियों ने उन्नत भारत अभियान (यूबीए) के तहत गांव कौंकेरा में विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के व्यावहारिक उपाय भी बताए।

संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्नत भारत अभियान के समन्वयक प्रो. अजय उपाध्याय ने ग्रामीणों को अभियान के उद्देश्यों और संस्थान की ओर से संचालित सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा गोद लिए गए गांवों में ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाते हैं। इन पहलों का उद्देश्य ग्रामीणों को जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना तथा गांवों के समग्र विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम में डॉ. प्रवीण अग्रवाल, डॉ. राजेश देवलिया और खुशबू सिंह के निर्देशन में विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठग अक्सर बैंक अधिकारी, सरकारी कर्मचारी या अन्य प्रतिष्ठित संस्थाओं का प्रतिनिधि बनकर फोन करते हैं और लोगों से गोपनीय जानकारी हासिल करने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।

विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को संदिग्ध मोबाइल लिंक पर क्लिक करने, अनजान ऐप डाउनलोड करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से होने वाले नुकसान के बारे में भी समझाया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन खरीदारी, डिजिटल भुगतान और बैंकिंग लेन-देन करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत संबंधित बैंक और साइबर हेल्पलाइन से सम्पर्क करना चाहिए। विद्यार्थियों ने ग्रामीणों के सवालों का जवाब देकर उनकी साइबर सुरक्षा संबंधी शंकाओं का समाधान भी किया।

इस अवसर पर संस्थान की निदेशक प्रो. नीता अवस्थी ने कहा कि शिक्षण संस्थानों की जिम्मेदारी केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि उनमें सामाजिक दायित्वों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी समाज की समस्याओं को समझें और अपने ज्ञान एवं कौशल का उपयोग जनहित में करें। ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को समाज से जुड़ने और सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का संदेश दिया गया। इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों ने न केवल ग्रामीणों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के तरीके बताए, बल्कि डिजिटल साक्षरता और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के महत्व को भी रेखांकित किया। यह आयोजन जीएल बजाज संस्थान की सामाजिक प्रतिबद्धता और ग्रामीण समुदाय के सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का हिस्सा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page