Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 नवंबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गईं वीवीपैट (VVPAT), बैलेट यूनिट (BU) एवं कंट्रोल यूनिट (CU) मशीनों को प्रशिक्षण एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के लिए निकलवाया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा चिन्हित कर निकाली गईं इन मशीनों का उपयोग मतदाताओं को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ-साथ निर्वाचन कार्य में तैनात किए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करने में किया जाएगा। इसके लिए मास्टर ट्रेनरों की तैनाती की जाएगी, जो निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रशिक्षण देंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और उन्हें ईवीएम के माध्यम से वोट डालने की पूरी प्रक्रिया समझाना है, ताकि निर्वाचन के दौरान प्रत्येक मतदाता आत्मविश्वास के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। उन्होंने बताया कि मतदान कार्मिकों को भी ईवीएम एवं वीवीपैट के संचालन की समुचित जानकारी दी जाएगी, जिससे निर्वाचन के दौरान मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके। प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मशीनों के संचालन और मतदान संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं से परिचित कराया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी सुनील वर्मा एडवोकेट, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष देवेन्द्र कुशवाह एवं जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, इंडियन नेशनल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विवेक उपाध्याय, अपना दल (एस) के जिला उपाध्यक्ष के.डी. शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सादाबाद बनी सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page