
हाथरस 17 नवंबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर सत्यापन कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जनसुनवाई के दौरान सभी अधिकारी अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में उपस्थित रहें और फरियादियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें। साथ ही शिकायतकर्ताओं के बैठने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि शिकायतों का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जाए, जिससे आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शिकायतों पर केवल आदेश जारी करने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके प्रभावी निस्तारण की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित करें। लंबे समय से लंबित मामलों में संबंधित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर प्रभावी कार्रवाई कराई जाए। भूमि संबंधी विवादों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मामलों में उप जिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी आवश्यकतानुसार राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गठित करें। संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि विवादों का स्थायी समाधान किया जा सके।










