अलीगढ़ 23 सितम्बर। मंगलायतन विश्वविद्यालय के एलाइड हेल्थ साइंसेज विभाग द्वारा साइबर अवेयरनेस और एआई बेसिक्स विषय पर एक दिवसीय अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। इस सत्र का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बुनियादी तकनीकों से परिचित कराना था। मुख्य वक्ता एनआईआईटी फाउंडेशन एवं सिस्को सर्टिफाइड ट्रेनर अनूप शर्मा रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक के जिम्मेदार उपयोग और ऑनलाइन सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने साइबर सिक्योरिटी के मूलभूत सिद्धांतों, डिजिटल फ्रॉड से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, डेटा प्राइवेसी और मजबूत पासवर्ड मैनेजमेंट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान किया। व्याख्यान के दूसरे चरण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर ध्यान केंद्रित किया गया। अनूप शर्मा ने विद्यार्थियों को एआई की बुनियादी अवधारणाओं, दैनिक जीवन व चिकित्सा क्षेत्र में इसके उपयोग और भविष्य में उभरते करियर के अवसरों के बारे में बताया। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि कैसे एआई शिक्षा और पेशेवर जीवन में मील का पत्थर साबित हो सकती है। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष गजेंद्र पराशर, आकाश दीप सिंह, विनोद कुमार, शुभम पुनेरा, खुशीराम शर्मा, सलोनी सिंह, नरेश कुमार, किरण, याशी चंदेल, सैयद राशिद अंद्राबी, आदिल, माजिद भट्ट का सहयोग रहा।