Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 23 सितम्बर। आज प्रेम रघु आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के अवसर पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के चेयरमैन डॉ. पी.पी. सिंह, प्राचार्या डॉ. सरोज गौतम, डॉ. नरेन्द्र कुमार सिंह एवं मुख्य अतिथि जिला होम्योपैथी चिकित्साधिकारी डॉ. अशोक कुमार चौहान ने भगवान धन्वंतरि के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए आमजन को आयुर्वेद अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। आयोजित प्रदर्शनी में द्रव्यगुण, रसशास्त्र, पंचकर्म एवं शल्य तंत्र विभाग द्वारा दुर्लभ औषधियों के साथ-साथ विभिन्न पंचकर्म विधाओं का सजीव प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों ने आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और उनके महत्व की जानकारी दी।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ अनेक काव्य पाठ प्रस्तुत किए। वहीं आयुर्वेदिक पद्धति से तैयार किए गए विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए गए, जो कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में डॉ. पुनीत अग्निहोत्री ने जीवन में आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके अलावा डॉ. रामकरण सैनी तथा छात्र प्रशांत ने आयुर्वेदिक उपचार से संबंधित विशेष व्याख्यान प्रस्तुत किए। छात्र-छात्राओं ने स्वास्थ्य जागरूकता पर आधारित नाटिका का मंचन कर लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर संस्था के चेयरमैन डॉ. पी.पी. सिंह ने कार्यक्रम में सहभागिता करने वाले सभी शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक शिक्षा तथा अत्याधुनिक चिकित्सा अनुसंधान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर जिले के आयुष चिकित्साधिकारीगण के साथ संस्था के डॉ. निधि, डॉ. अनिल, डॉ. बृजकिशोर, डॉ. जितेन्द्र शर्मा, डॉ. स्वाति, डॉ. मनोरमा, डॉ. बुधाश्री, डॉ. कल्याणी सहित अन्य शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. शैलेन्द्र, डॉ. प्रिया एवं डॉ. प्रियांशु जैन द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page