Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 24 सितम्बर। अटेवा प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु के दिशा-निर्देशन में अटेवा पेंशन बचाओ मंच हाथरस के पदाधिकारियों एवं विभिन्न संगठनों से जुड़े शिक्षक-कर्मचारियों ने 25 सितंबर 2026 को लखनऊ के इको गार्डन में आयोजित महारैली में प्रतिभाग किया। रैली में पुरानी पेंशन बहाली सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेशभर से शिक्षक एवं कर्मचारी शामिल हुए। लखनऊ में रात से ही बारिश का दौर जारी रहा और रैली के दौरान भी दिनभर बारिश होती रही। इसके बावजूद शिक्षक एवं कर्मचारियों का उत्साह कम नहीं हुआ। कई कर्मचारी छाता और रेनकोट के साथ इको गार्डन में डटे रहे, जबकि कुछ प्रतिभागी बारिश में भीगते हुए भी नेताओं के संबोधन को सुनते रहे। रैली को संबोधित करते हुए अटेवा प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार बंधु ने कर्मचारियों से एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने की अपील की। उन्होंने पुरानी पेंशन की बहाली की मांग को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि संगठन का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने ‘एक देश, एक पेंशन’ की मांग भी उठाई और कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांग पुरानी पेंशन की बहाली है।

अटेवा के प्रदेश महामंत्री नीरज त्रिपाठी ने भी इको गार्डन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यूपीएस और एनपीएस को लेकर संगठन की आपत्तियां रखीं। इसके साथ ही सेवारत शिक्षकों के लिए लागू किए गए टीईटी के मुद्दे को भी उठाया गया। महारैली में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों शिक्षक एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। जनपद से स्वास्थ्य विभाग, लेखपाल संघ, इंटर कॉलेज, डिग्री कॉलेज एवं बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षक-कर्मचारी भी बड़ी संख्या में लखनऊ पहुंचे। हाथरस से महारैली में प्रतिभाग करने वालों में प्रेम चंद चंदेल, रविकांत वर्मा, प्रतीक शर्मा, गौतम कुमार, नीलेश भारती, सुमन, मुकेश, विजय शुक्ला, गोपाल, मनीष सक्सेना, ललित बघेल, दीपक गौड़, निखिल यादव सहित सैकड़ों अटेवा कार्यकर्ता एवं शिक्षक-कर्मचारी शामिल रहे। आयोजकों ने कहा कि बारिश के बावजूद शिक्षक-कर्मचारियों की बड़ी भागीदारी ने पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर उनके संगठनात्मक उत्साह को प्रदर्शित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page