हाथरस 21 जुलाई। जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों एवं स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक व्यक्तियों के लिए अच्छी खबर है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड द्वारा संचालित रोजगारपरक योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विपणन विकास कार्यक्रम (एमसीडीपी) के तहत जनपद में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया जाएगा। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि इन शिविरों में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न रोजगारपरक योजनाओं, स्वरोजगार के अवसरों, ऋण एवं अनुदान संबंधी प्रावधानों तथा उद्योग स्थापना की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक औपचारिकताओं के संबंध में मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जागरूकता शिविरों का आयोजन अपराह्न 12 बजे से निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा। इसके तहत एक अगस्त को तहसील सासनी, 17 अगस्त को तहसील हाथरस तथा 5 सितंबर को तहसील सिकन्द्राराऊ में शिविर आयोजित होंगे। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने जनपद के सभी बेरोजगार युवक-युवतियों, उद्यम स्थापित करने के इच्छुक व्यक्तियों एवं आमजन से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन जागरूकता शिविरों में प्रतिभाग करें, विभागीय योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें तथा उपलब्ध स्वरोजगार अवसरों का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं।
Advertisement Contact Us:- Basant Bagh, Water Works Colony, Hathras, Uttar Pradesh 204101










